सरताज अजीज 23 अगस्त को भारत दौरा करेंगे (लीड-1)

इस्लामाबाद, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने गुरुवार को कहा कि वह अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल के साथ वार्ता के लिए अगले महीने भारत दौरे पर जाएंगे।

पाकिस्तान दौरे पर आए ईरान के विदेश मंत्री के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक सवाल के जवाब में अजीज ने कहा, “मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि मैं 23 अगस्त को भारत जा रहा हूं।”

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ तथा उनके भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी ने बीते महीने रूस के उफा में इस बात पर सहमति जताई थी कि दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों को आतंकवाद से संबंधित सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक करनी चाहिए।

पाकिस्तानी उच्चायुक्त के साथ अलगाववादियों की मुलाकात के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ उच्च स्तरीय कूटनीतिक वार्ता को बीते साल अगस्त में अचानक रद्द कर दिया था।

साल 2008 में मुंबई पर आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ चल रही समग्र वार्ता को भी बंद कर दिया था।

अजीज ने कहा, “सुरक्षा वार्ता का मतलब यह नहीं कि समग्र वार्ता शुरू हो गई है। बैठक से दोनों देशों के रिश्तों के बीच जमी बर्फ पिघलेगी और कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का मानना है कि वार्ता मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का एकमात्र विकल्प है।”

रूस के उफा में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की बैठक के बाद भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच वार्ता के लिए 23-24 अगस्त की तारीख का सुझाव दिया था।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता काजी खलीलुल्लाह ने कहा कि उनकी सरकार सुरक्षा वार्ता के एजेंडे पर काम कर रही है।

जम्मू एवं कश्मीर में सीमा पर गोलीबारी से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है, जिसके मद्देनजर पाकिस्तान-भारत के बीच वार्ता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दोनों देशों ने एक दूसरे पर नियंत्रण रेखा पर 2003 के संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493