तीरंदाजी विश्व कप में स्वर्ण की दौड़ में अभिषेक

रोक्लॉ (पोलैंड), 13 अगस्त (आईएएनएस)। तीरंदाजी विश्व कप में गुरुवार को जहां अधिकांश भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया, वहीं अभिषेक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

क्वार्टर फाइनल में अभिषेक ने इटली के प्रतिद्वंद्वी मिशेल नेनसियोनी को 147-143 से हराया और उसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिका के स्टीव एंडरसन को 146-145 से मात दे दी।

एंडरसन के खिलाफ नौ तीर छोड़े जाने तक अभिषेक 86-87 से पीछे चल रहे थे, हालांकि इसके बाद जबरदस्त वापसी करते हुए उन्होंने अगले लगातार तीन निशाने 10 अंकों पर लगाए और 116-115 से बढ़त ले ली।

अभिषेक के लिए यह बढ़त निर्णायक साबित हुई क्योंकि अगले तीन निशानों में दोनों ही तीरंदाजों ने पूरे 30-30 अंक जुटाए।

महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भारत की चारों तीरंदाजों दीपिका कुमारी, लक्ष्मीरानी माझी, रिमिल बुरुले और बोम्बेला देवी लैशराम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और शुरुआती राउंड में ही अपने-अपने मुकाबले हार गईं।

पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भी चारों तीरंदाज राहुल बनर्जी, मंगल सिंह चंपिया, जयंत तालुकदार और बुलबुल मरांडी भी बेहतर प्रदर्शन करने में असफल रहे और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश नहीं कर सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493