न्यूयार्क, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को मिला-जुला रुख देखा गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, डाऊ जोंस औद्योगिक औसत 0.03 फीसदी तेजी के साथ 17,408.25 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 सूचकांक 0.13 फीसदी गिरावट के साथ 2,083.39 पर बंद हुआ। नैसडाक कंपोजिट इंडेक्स 10.83 अंकों की गिरावट के साथ 5,033.56 पर बंद हुआ।
अमेरिका में गुरुवार को कई आंकड़े जारी किए गए। वाणिज्य मंत्रालय ने रिटेल और खाद्य सेवाओं की जुलाई में हुई बिक्री का अग्रिम आंकड़ा जारी किया, जिसमें कहा गया कि यह बिक्री 446.5 अरब डॉलर रही, जो जून के मुकाबले 0.6 फीसदी अधिक है।
श्रम मंत्रालय के गुरुवार को ही जारी किए गए एक अन्य आंकड़े के मुताबिक, आठ अगस्त को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन करने वालों की संख्या सालाना आधार पर 2,74,000 रही, जो एक सप्ताह पहले के संशोधित आंकड़े के मुकाबले 5,000 अधिक है।
बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन करने वालों की संख्या का चार सप्ताह का औसत सालाना आधार पर 2,66,250 रहा, जो एक सप्ताह पहले के संशोधित आंकड़े के मुकाबले 1,750 कम है और 15 अप्रैल, 2000 के बाद से निचले स्तर पर है।
एक अन्य रपट में श्रम मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के आयात खर्च में जुलाई में 0.9 फीसदी गिरावट रही।
dharmpath.com dharmpath