टोरंटो, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड की युवा टेनिस खिलाड़ी 18 वर्षीय बेलिंडा बेंसिक ने बड़ा उलटफेर करते हुए रोजर्स कप टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पांचवीं वरीय सर्बिया की एना इवानोविक को सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
बेंसिक को हालांकि सेमीफाइनल में अब सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी स्टार सेरेना विलियम्स का सामना करना होगा।
शुक्रवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेंसिक ने इवानोविक को 6-4, 6-2 से हरा दिया।
मैच के बाद बेंसिक ने कहा, “कोर्ट पर मेरे लिए सबकुछ बेहतरीन रहा और मुझे काफी अच्छा लग रहा था। मैं जैसे किसी लय में थी..मैं स्कोर के बारे में सोच ही नहीं रही थी। मुझे बस सबकुछ सही दिशा में जाता महसूस हो रहा था।”
दो साल पहले जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में चुने जाने के बाद से बेंसिक महिला एकल रैंकिंग में लगातार तरक्की करती आ रही हैं। 2014 की शुरुआत उन्होंने 186वीं विश्व वरीयता के साथ की और वर्ष का समापन तक उन्होंने 33वीं वरीयता हासिल कर ली।
बेंसिक इसी वर्ष करियर का पहला डब्ल्यूटीए खिताब जीतने में सफल रहीं। जून में उन्होंने ईस्टबोर्न ओपन खिताब जीता और इस समय वह विश्व वरीयता में 20वें पायदान पर हैं।
dharmpath.com dharmpath