बीजिंग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। जर्मनी की क्रिस्टीना श्वानित्ज ने शनिवार को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की महिला शॉटपुट स्पर्धा का स्वर्ण जीत लिया।
30 साल की श्वानित्ज ने 20.37 मीटर दूरी नापते हुए पहला स्थान हासिल किया। चीन की लिजियाओ गांग ने दूसरा और अमेरिका की मिशेल कार्टर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
श्वानित्ज ने अपने तीसरे प्रयास में सबसे अधिक दूरी नापी। दूसरी ओर गांग ने पहले ही प्रयास में 20.30 मीटर की दूरी नापकर खुद को पदक के दावेदारों में शामिल कर लिया था।
तीसरे प्रयास तक गांग पहले स्थान पर थीं। इसके बाद हालांकि वह अंतिम प्रयास तक दूसरे थान पर ही रहीं। कार्टर ने 19.76 मीटर दूरी नापी। वह दूसरे प्रयास में यह दूरी नापने में सफल रहीं।
दो साल पहले मास्को में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप के बीते संस्करण में रजत जीतने वाली श्वानित्ज ने सबसे अधिक 19.39 मीटर दूरी नापते हुए क्वालीफाईंग में हिस्सा लेने वाली एथलीटों में पहला स्थान हासिल किया था।
इसी तरह मास्को में कांस्य जीतने वाली गांग ने 19.11 मीटर के साथ फाइनल में स्थान बनाया था। पदक का रंग बदलने की उनकी कोशिश में अमेरिका की कार्टर भंग डाल सकती थीं लेकिन गांग ने क्वालीफाईंग से बेहतर प्रदर्शन करते हुए कार्टर के अपने से आगे नहीं निकलने दिया।
कार्टर ने 19.22 मीटर के साथ फाइनल में स्थान बनाया था। कार्टर मास्को में गांग के बाद फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं। मास्को में न्यूजीलैंड की वालेरी एडम्स ने स्वर्ण जीता था। इस साल एडम्स हिस्सा नहीं ले रही हैं।
श्वानित्ज ने 20.41 मीटर के साथ मास्को में रजत हासिल किया था। एडम्स ने 20.88 मीटर की दूरी नापी थी और गांग ने 19.95 मीटर के साथ कांस्य जीता था।
dharmpath.com dharmpath