कैडेट कुश्ती विश्व चैम्पियनशिप में अंकुश ने जीता रजत

साराजेवो (बोस्यिना एवं हर्जेगोविना), 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की अंकुश ने यहां जारी कैडेट कुश्ती विश्व चैम्पियनशिप की 38 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया।

एशियाई खेलों में कांस्य पदक विजेता अंकुश गुरुवार को हुए स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में जापान की मीयू शिमिजू से 1-11 से हार गईं।

कैडेट कुश्ती विश्व चैम्पियनशिप में भारत का यह पहला पदक है।

अंकुश ने कहा, “पदक जीतकर हमेशा अच्छा महसूस होता है, लेकिन मेरा मकसद स्वर्ण जीतना था। मैं थोड़ा हताश हूं, लेकिन यह सब चलता रहता है। मुझे अपेक्षा के अनुरूप परिणाम हासिल करने के लिए थोड़ी और मेहनत करनी होगी।”

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अंकुश को बधाई देते हुए कहा, “मैं अंकुश को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देता हूं। हमारे पहलवानों ने कठिन मेहनत की है और अब उसके नतीजे आने लगे हैं।”

फाइनल तक पहुंचने का अंकुश का सफर काफी रोमांचक रहा। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अजरबेजान की जेलफिरा अलाकबारली को एकतरफा मुकाबले में हराया।

इसके बाद सेमीफाइनल में उनका सामना तुर्की की कांसू यिलमाज से हुआ। इस बार भी अंकुश अपनी प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़ीं।

फाइनल में हालांकि अंकुश को मीयू से एक बार फिर खिताबी हार झेलनी पड़ी। इससे पहले दिल्ली में इसी वर्ष हुए कैडेट एशियाई चैम्पियनशिप के फाइनल में भी मीयू ने अंकुश को हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493