मुंबई, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा को खुशी है कि ‘मसान’ जैसी प्रशंसित फिल्में अपने लिए दर्शक और तारीफें जुटाने में कामयाब हो रही हैं। उनका कहना है कि यह अच्छी फिल्मों का वक्त है।
ऋचा यहां हॉलीवुड स्टार अलाइजा वुड के लिए रखी गई एक पार्टी में मौजूद थीं। इस दौरान उन्होंने कहा, “लोगों द्वारा अच्छा काम सराहे जाने पर अच्छा महसूस होता है। यह अच्छी फिल्मों का वक्त है। मुझे खुशी है कि ‘मसान’ ने भारत में अच्छी कमाई की।”
उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि ‘मसान’ विदेशों तक पहुंचे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।
‘मसान’ इस साल की शुरुआत में कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उत्सव में जबर्दस्त रूप से सराही गई और इसने वहां दो पुरस्कार भी जीते।
भारत में भी इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘फुकरे’ जैसी फिल्मों के लिए जानी जाने वाली ऋचा इस वक्त पूजा भट्ट की अगली फिल्म ‘कैबरे’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।
dharmpath.com dharmpath