लंदन, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ जारी एकदिवसीय श्रृंखला के शेष मैचों के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब और हरफनमौला खिलाड़ी जॉन हेस्टिंग्स को आस्ट्रेलियाई एकदिवसीय टीम में वापस बुला लिया गया है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
सीए ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “दोनों खिलाड़ियों को चोटिल शेन वाटसन और नेथन कोल्टर नील की जगह टीम में बुलाया गया है।”
इससे पहले आस्ट्रेलियाई टीम में एक और बदलाव करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में हुए दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान चोटिल हुए डेविड वॉर्नर की जगह एरॉन फिंच को टीम में शामिल किया गया है।
दूसरे एकदिवसीय के दौरान वॉर्नर के बाएं हांथ अंगूठा फ्रैक्चर हो गया, हालांकि यह मैच आस्ट्रेलिया 64 रनों से जीतने में सफल रहा।
इसी मैच के दौरान वाटसन की दाहिनी पिंडली में खिंचाव आ गया, जबकि कोल्टर नील के दाहिने जांघ की मांसपेशी खिंच गई। वाटसन और कोल्टर नील श्रृंखला से बाहर हो चुके हैं।
हैंड्सकॉम्ब इंग्लिश काउंटी के लिए बीती गर्मियों में ग्लूसेस्टरशायर के लिए खेल चुके हैं, साथ ही आस्ट्रेलिया-ए की ओर से हाल ही में भारत का दौरा भी किया।
वहीं हेस्टिंग्स काउंटी क्लब डरहम के लिए खेलते रहे हैं।
हैंड्सकॉम्ब को जहां अभी सीनियर स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करना है, वहीं हेस्टिंग्स एक टेस्ट, 11 अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय तथा तीन अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेल चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath