न्यूर्याक, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल टेनिस जोड़ी सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने फ्लशिंग मीडोज पार्क में क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
वर्ष के चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन में भारत की सानिया और स्विट्जरलैंड की मार्टिना ने मात्र एक घंटा 25 मिनट में नौवीं वरीय यूंग जान चान और हाओ चिंग चान की चीनी ताइपे की जोड़ी को हरा दिया।
सानिया-मार्टिना ने मंगलवार को हुए मुकाबले में 7-6(5), 6-1 से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उनका मुकाबला सारा ईरानी और फ्लाविया पेनेटा की 11वीं वरीय जोड़ी से होगा।
लुईस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में हुए महिला युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सर्वोच्च वरीय भारतीय-स्विस जोड़ी को चान बहनों ने कड़ी टक्कर दी। दोनों ही प्रतिद्वंद्वी दो बार एकदूसरे की सर्विस ब्रेक करने में सफल रहीं, परिणामस्वरूप पहला सेट टाईब्रेकर तक चला गया।
टाईब्रेकर में हालांकि सानिया-मार्टिना ने जीत हासिल कर बढ़त ले ली।
पहला सेट जीतने के बाद सानिया-मार्टिना की जोड़ी ने दूसरे सेट में जबरदस्त करवट ली और चान बहनों पर पूरी तरह हावी हो गईं।
चान बहनों की सर्विस दो बार ब्रेक करते हुए सानिया-मार्टिना ने दूसरा सेट आसानी से जीत लिया।
सानिर्या-मार्टिना ने कुल खेले गए 121 अंकों में 70 अंक अपने नाम किए।
मंगलवार को ही बालिका एकल वर्ग में भारत की करमन कौर थांडी ने रूस की एवगेनिया लेवाशोवा को 6-2, 4-6, 6-3 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
तीसरे दौर में अब थांडी का मुकाबला दूसरी वरीय हंगरी की डाल्मा गाल्फी से होगा।
बालिका एकल वर्ग में वहीं प्रांजला यादलापल्ली की सफर दूसरे दौर में थम गया। प्रांजला को मेक्सिको की जेसिका हिनोजोसा गोमेज ने 6-1, 6-0 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath