लंदन, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने ब्रिटेन के इतिहास में सर्वाधिक लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस क्रम में उन्होंने अपनी परदादी महारानी विक्टोरिया को पीछे छोड़ दिया है।
‘बीबीसी’ की बुधवार की रपट के अनुसार, एलिजाबेथ द्वितीय (89) के शासनकाल को आज करीब 17.30 बजे(स्थानीय समयानुसार) 63 साल, सात महीने मतलब 23,226 दिन, 16 घंटे और लगभग 30 मिनट हो जाएंगे।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन हाउस ऑफ कॉमन्स में महारानी के प्रति सम्मान जताएंगे और टेम्स नदी में एक सलामी समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान टावर ब्रिज से हाउस ऑफ पार्लियामेंट के बीच एक जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें ऐतिहासिक जहाज, युद्धपोत, यात्री जहाज हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि सोमवार को डेविड कैमरन ने एक कैबिनेट बैठक में महारानी के प्रति सम्मान जताया और उन्हें नमन किया।
कैमरन ने कहा कि महारानी का रिकॉर्ड ‘उल्लेखनीय’ है और वह ‘दुनियाभर में सराहे जाने वाले ब्रिटेन के चिरकालिक जोश की प्रतीक हैं।’
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के शासनकाल में 12 प्रधानमंत्री बने, जबकि महारानी विक्टोरिया के शासनकाल में 10 प्रधानमंत्री बने थे।
dharmpath.com dharmpath