मेसी ने आलोचनाओं को खारिज किया

ब्यूनस आयर्स, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। अर्जेटीना के स्टार फुटबाल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने पिछले वर्ष फीफा विश्व कप और कोपा अमेरिका के फाइनल में मिली हार को लेकर हो रही आलोचनाओं को खारिज किया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, स्पेन के शीर्ष क्लब एफसी बार्सिलोना के लिए खेलने वाले मेसी ने बीती असफलताओं के चलते अर्जेटीनी टीम में अपनी भविष्य पर उठ रहे संदेह को दरकिनार करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय कोच अभी भी उन्हें टीम में चाहते हैं।

मेसी ने कहा, “दुर्भाग्य से हम एक भी खिताब हासिल नहीं कर सके, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि हमने जो कुछ भी किया वह काफी अच्छा रहा। विश्व कप और कोपा अमेरिका जैसी शीर्ष प्रतियोगिताओं के फाइनल में पहुंचना इतना आसान नहीं होता।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमारी इसके लिए कुछ ज्यादा ही आलोचना की गई और कई बार तो लोगों ने आलोचना करते हुए हद पार कर दी।”

समाचार चैनल टीवाईसी स्पोर्ट्स से मंगलवार को मेसी ने भविष्य की योजनाओं को लेकर कहा, “अभी हमारा पहला उद्देश्य रूस विश्व कप-2018 क्वालीफाइंग में बेहतर प्रदर्शन करना है। हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी, क्योंकि धीरे-धीरे प्रतिस्पर्धा और कठिन होती जाएगी। हमें छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर खेलना होगा।”

मेसी के आखिरी मिनटों में किए गए गोल की बदौलत अर्जेटीना मंगलवार को डलास में मेक्सिको के खिलाफ हुआ मैच 2-2 से बराबर करने में सफल रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493