इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान क्लोज का निधन (लीड-1)

लंदन, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान डेनिस ब्रायन क्लोज का निधन हो गया। 84 वर्ष साल के क्लोज ने रविवार को ब्रेडफोर्ड स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

अपने समय के माहिर हरफनमौला खिलाड़ी क्लोज इंग्लैंड के लिए पहली बार 1949 में 18 साल 149 दिन की उम्र में खेले थे। वह आज भी टेस्ट पदार्पण करने वाले इंग्लैंड के सबसे युवा खिलाड़ी हैं।

यार्कशायर और सोमरसेट काउंटी क्लबों के कप्तान रहे क्लोज को मैदान में उनकी बहादुरी के लिए जाना जाता था और यही कारण है कि 1976 में 45 साल की उम्र में वेस्टइंडीज का सामना करने के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया था।

क्लोज ने अपने करियर में 22 टेस्ट मैच खेले जिनमें से सात में कप्तानी भी की। वह चार चैम्पियनशिप खिताबों में यार्कशायर के कप्तान भी रहे।

क्लोज ने 22 टेस्ट मैचों में 25.34 की औसत से 887 रन बनाए, जिनमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च योग 70 रहा है।

क्लोज ने बल्लेबाज के तौर पर अपने प्रथम श्रेणी करियर में करीब 35,000 रन बनाए, जिनमें 52 शतक और 171 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी मैचों में 1,168 विकेट भी लिए।

यार्कशायर ने सोमवार को एक बयान जारी कर क्लोज के निधन की पुष्टि की और साथ ही उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की।

बयान में कहा गया है, “यार्कशायर अपने तथा इंग्लैंड के महानतम कप्तानों में से एक और इस खेल के सबसे बहादुर खिलाड़ियों में से एक क्लोज के निधन पर शोकाकुल है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493