नई दिल्ली, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष एकल टेनिस खिलाड़ी युकी भाम्बरी यहां होने वाले डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ मुकाबले में चेक गणराज्य के खिलाफ भारत के अभियान की शुरुआत करेंगे।
दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) परिसर में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन के लिए भारत के सर्वोच्च वरीय एकल खिलाड़ी युकी (125) को पहले एकल मुकाबले में लुकास रोसोल से भिड़ना है।
दूसरे एकल मुकाबले में भारत के दूसरे शीर्ष एकल खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन का सामना जिरी वेसेले से होगा।
शनिवार को रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस की जोड़ी युगल मुकाबले में उतरेगी। भारतीय जोड़ी का सामना एडम पाव्लासेक और राडेक स्टेपानेक से होगा। शनिवार को एक ही मुकाबला होगा।
पेस बुधवार को न्यूयार्क से लौटे हैं। पेस ने स्विस स्टार मार्टिना हिंगिस के साथ मिश्रित युगल खिताब जीता है।
ऐसे में पेस की मौजूदगी से भारतीय खिलाड़ियों में ऊर्जा रहेगी और वह रविवार को होने वाले उलट एकल मुकाबलों में भी बेहतरीन खेल दिखा सकेंगे।
उलट एकल मुकाबलों में युकी का सामना वेसेले से होगा जबकि देवबर्मन रोसोल से भिड़ेंगे।
इस तीन दिवसीय मुकाबले को जीतने वाली टीम को 2016 में वर्ल्ड ग्रुप में खेलने का मौका मिलेगा जबकि हारने वाली टीम को अपने क्षेत्र के ग्रुप-1 में लौटना होगा।
dharmpath.com dharmpath