कोलकाता, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। 55वें राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन गुरुवार को देश की तीनों शीर्ष खिलाड़ियों इंदरीजीत सिंह, दुति चंद और ललिता बाबर ने अपने प्रशंसकों को निराश न करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में रेलवे की ओर से खेल रहीं बाबर ने 9 मिनट 39.83 सेकेंड समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया।
बाबर ने इसके साथ ही नया मीट रिकॉर्ड भी स्थापित किया। बाबर ने पिछले वर्ष सुधा सिंह द्वारा स्थापित 10 मिनट 8.50 सेकेंड के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। सुधा ने भी इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार किया, हालांकि नौ मिनट 47.31 सेकेंड के साथ वह दूसरे स्थान पर रहीं।
वहीं खेल पंचाट न्यायालय के फैसले के बाद प्रतिबंध से मुक्ति पाने वाली दुति चंद ने 100 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। दुति ने 11.68 सेकेंड समय निकालते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 11.70 सेकेंड समय के साथ श्रावणी नंदा दूसरे स्थान पर रहीं।
दुति हालांकि रियो ओलम्पिक-2016 में क्वालीफाई करने के लिए निर्धारित 11.32 सेकेंड के समय से काफी दूर रहीं।
गुरुवार को ही इससे पहले हीट्स चरण में भी दुति शीर्ष पर रही थीं।
दुति को पिछले वर्ष अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने टेस्टोस्टेरोन स्तर के चलते प्रतिबंधित कर दिया था। हालांकि खेल पंचाट न्यायालय ने इसी वर्ष जुलाई में आईएएएफ के हाइपरएंड्रोजेनिज्म नियम को निलंबित करते हुए दुति चंद को खेलने की इजाजत दे दी।
आईएएएफ यदि अपने उक्त नियम के पक्ष में पर्याप्त सबूत नहीं देता तो इस नियम को हमेशा के लिए हटा दिया जाएगा।
दुति ने स्वर्ण जीतने के बाद कहा, “मुझे खुशी है कि मेरी मेहनत ने मुझे इच्छित परिणाम दिया। मैं वास्तव में बेहद कठिन मेहनत की थी। मैं रोज तीन बार प्रशिक्षण लेती थी ताकि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकूं।”
दुति ने कहा, “मैं अपनी इस जीत का श्रेय केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को देना चाहूंगी। जब मैं मूसीबत में थी तो उन्होंने मेरी भरपूर मदद की।”
पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में इंदरजीत ने 19.82 मीटर की सर्वश्रेष्ठी दूरी हासिल करते हुए नया मीट रिकॉर्ड स्थापित किया और स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।
इंदरजीत ने 2003 में बहादुर सिंह द्वारा स्थापित 19.59 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ा।
नीरज चोपड़ा ने भी पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में मीट रिकॉर्ड बनाया। नीरज ने 77.67 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी हासिल की और 2002 में हरमिंदर सिंह द्वारा बनाए गए 77.39 मीटर के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।
नीरज भी हालांकि ओलम्पिक में क्वालीफाई करने के लिए निर्धारित 83 मीटर से काफी पीछे रह गए।
मेजबान बंगाल ने गुरुवार को कुल तीन पदक हासिल किए, जो उसके लिए महिला खिलाड़ियों ने जीते। सुगंधा कुमारी ने 1,500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण और लिली दास ने कांस्य पदक हासिल किया, वहीं 400 मीटर स्पर्धा में बंगाल की देबश्री मजुमदार ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।
dharmpath.com dharmpath