कोलकाता, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की शीर्ष धाविका तथा दिग्गज एथलेटी पी. टी. ऊषा की शिष्या टिंटू लुका ने गुरुवार को कहा कि वह रियो ओलम्पिक-2016 से पहले अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में हिस्सा लेना चाहती हैं और कहीं बाहर प्रशिक्षण लेना चाहती हैं, क्योंकि भारत में उन्हें कड़ी टक्कर देने वाला कोई है ही नहीं।
टिंटू ने यहां पत्रकारों से कहा, “जब तक कोई आपको और जोर लगाने के लिए प्रेरित और बाध्य न करे आप अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सकते। इसलिए मैं विदेश में प्रशिक्षण लेना चाहती हूं और विदेशी प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेना चाहती हूं।”
टिंटू इस समय कोलकाता में जारी 55वें राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में खेल रही हैं।
इससे पहले उनकी कोच पी. टी. ऊषा ने बुधवार को कहा था, “भारत में टिंटू को चुनौती देने वाला कोई नहीं है। उसे कहीं विदेश में प्रशिक्षण लेने की जरूरत है और रियो ओलम्पिक से पहले आठ से 10 प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेने की जरूरत है।”
टिंटू ने इसी वर्ष केरल में हुए राष्ट्रीय खेलों की 800 मीटर स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया था। टिंटू ने दो मिनट 1.86 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
इसके अलावा पिछले महीने बीजिंग में हुए विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी टिंटू ने सत्र का सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करते हुए दो मिनट 0.95 सेकेंड समय निकाला और रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।
हालांकि विश्व चैम्पियनशिप में वह फाइनल में प्रवेश नहीं कर सकीं। वह हीट्स में सातवें स्थान पर रही थीं।
टिंटू ने कहा, “मैं अपना समय घटाकर दो मिनट से कम पर लाना चाहती हूं, जिसके लिए मैं रोज सात-आठ घंटे कठिन अभ्यास कर रही हूं।”
dharmpath.com dharmpath