अमेरिकी शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख

न्यूयार्क, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर को जस का तस रखने की घोषणा करने के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, गुरुवार को डाऊ जोंस औद्योगिक औसत 0.39 फीसदी गिरावट के साथ 16,674.74 पर बंद हुआ।

एसएंडपी 500 सूचकांक 0.26 फीसदी गिरावट के साथ 1,990.20 पर बंद हुआ।

नैसडाक कंपोजिट इंडेक्स हालांकि 0.10 फीसदी मजबूती के साथ 4,893.95 पर बंद हुआ।

फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के बाद फेड द्वारा जारी बयान के मुताबिक, एफओएमसी अधिकतम रोजगार और दो फीसदी महंगाई दर के लक्ष्य की दिशा में होने वाले विकास का मूल्यांकन करेगा, जो दर बढ़ाने की समय सीमा के लिए महत्वपूर्ण है।

फेड के अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका का आर्थिक परिदृश्य बेहतर रहने के बाद भी हाल में वैश्विक वित्तीय बाजार की अनिश्चितता और सुस्त वैश्विक विकास से महंगाई दर पर नकारात्मक दबाव बनेगा।

फेड अध्यक्ष जेनेट येलेन ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि अधिकतर फेड अधिकारी अब भी इसी वर्ष दर वृद्धि किए जा सकने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 में से 13 अधिकारियों ने इसी वर्ष दर वृद्धि की संभावना जताई।

उन्होंने फिर कहा कि बाजार को इस बात पर कम ध्यान देना चाहिए कि पहली दर वृद्धि कब होगी और अधिक ध्यान इस बात पर देना चाहिए कि दर वृद्धि किस गति से होगी।

आर्थिक मोर्चे पर गुरुवार को ही श्रम मंत्रालय द्वारा जारी एक आंकड़े के मुताबिक, 12 सितंबर को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारों की संख्या 11 हजार घटकर 2,64,000 हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493