राष्ट्रीय एथलेटिक्स में मयूखा, अनु ने बनाया मीट रिकॉर्ड

कोलकाता, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। एथलीट मयूखा जॉनी और अनु रानी ने 55वें राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के तीसरे दिन शुक्रवार को नया मीट रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।

मयूखा ने महिलाओं की तिहरी कूद स्पर्धा में 13.78 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी हासिल करते हुए 2011 में बनाए गए अपने ही 13.71 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ा।

मयूखा हालांकि रियो ओलम्पिक में क्वालीफाई करने के लिए निर्धारित 14.20 मीटर से काफी पीछे रह गईं।

वहीं महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में अनु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 58.25 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी हासिल की। हालांकि अनु भी 62.0 मीटर के ओलम्पिक मार्क से दूर रह गईं।

स्वर्ण जीतने के बाद अनु ने कहा, “मैं इससे बेहतर कर सकती थी, लेकिन गर्मी के कारण मुझे काफी परेशानी हो रही थी। उम्मीद है अगली बार मैं इसमें सुधार ला पाऊंगी।”

पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा में सेना के धरमराज ने 56.12 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।

रेलवे के लिए तीसरा दिन अच्छा नहीं रहा, जिसका लाभ उठाते हुए ओएनजीसी ने तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक अपनी झोली में डाले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493