‘अफगानिस्तान से हुई थी पाकिस्तान पर हमले की साजिश’

इस्लामाबाद, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक मेजर जनरल असीम सलीम बाजवा ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के वायु सेना (पीएएफ) अड्डे पर शुक्रवार को हुए हमले की साजिश अफगानिस्तान से की गई थी और इसे नियंत्रित भी वहीं से किया गया था।

तालिबान आतंकवादियों के इस हमले में पाकिस्तानी वायु सेना के 23 अधिकारी और सेना के एक अधिकारी तथा दो जवानों की जान चली गई। बाद में सुरक्षा बलों की ओर से की गई कार्रवाई में करीब 15 आतंकवादियों को मार गिराया गया।

रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, यह उत्तरी वजीरिस्तान में सेना की ओर से आतंकवादियों के सफाये के लिए सफलतापूर्वक चलाए जा रहे जर्ब-ए-अज्ब अभियान के प्रतिशोधस्वरूप किया गया हमला हो सकता है।

बाजवा ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ चलाया जा रहा यह अभियान आतंकवाद के पूरी तरह सफाये तक जारी रहेगा।

बाजवा ने जर्ब-ए-अज्ब अभियान के बारे में कहा कि खुफिया सूचनाओं पर आधारित यह अभियान पूरे देश से राष्ट्र-विरोधी ताकतों के सफाये के लिए चलाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493