डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप फाइनल में मरे का खेलना संदिग्ध

लंदन, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। शीर्ष ब्रिटिश टेनिस स्टार एंडी मरे नवंबर में होने वाले डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप के फाइनल में खेलने पर संदेह बना हुआ है।

इंग्लैंड और बेल्जियम के बीच 27 से 29 नवंबर के बीच डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप फाइनल मैच खेला जाएगा।

बीबीसी के वेब पोर्टल पर प्रसारित खबर के अनुसार, डेविस कप कमिटी यदि मंगलवार को डेविस कप फाइनल मैच की मेजबानी करने के बेल्जियम के अनुरोध को स्वीकार कर लेता है तो फाइनल मैच घेंट के फ्लांडर्स एक्सपो अरेना के क्ले कोर्ट पर खेला जाएगा।

बेल्जियम महासंघ के पास फाइनल मैच के कोर्ट सर्फेस का निर्णय करने के लिए दो सप्ताह का समय है।

गौरतलब है कि लंदन के ओ2 अरेना के हार्ड कोर्ट पर 22 नवंबर को वर्ल्ड टूर फाइनल्स समाप्त होगा, जिसके तुरंत बाद ब्रिटिश टीम को डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप फाइनल में बेल्जियम का क्ले कोर्ट पर सामना करना पड़ सकता है।

मरे ने क्ले कोर्ट पर फाइनल मैच खेलने में असहजता व्यक्त करते हुए सोमवार को बीबीसी के रेडियो चैनल ‘रेडियो 5’ से कहा, “अगर हमें डेविस कप फाइनल क्ले कोर्ट पर खेलना है तो वर्ल्ड टूर फाइनल्स को ओ2 अरेना के हार्ड कोर्ट पर आयोजित करने पर मेरी आपत्ति है।”

मरे ने कहा, “हमें फाइनल की तैयारी के लिए क्ले कोर्ट पर अभ्यास करना होगा। पिछले वर्ष आप सभी ने देखा कि रोजर फेडरर के लिए ओ2 अरेना के हार्ड कोर्ट पर मैच कितने मुश्किल साबित हुए थे।”

उल्लेखनीय है कि रविवार को समाप्त हुए डेविस कप सेमीफाइनल मुकाबले में मरे की बदौलत इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया को 3-2 से हराकर डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप फाइनल में प्रवेश किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493