रियो डी जनेरियो, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। अगले वर्ष ब्राजीलियाई शहर रियो डी जनेरियो में होने वाले समर ओलम्पिक और पैरालम्पिक के उद्घाटन और समापन समारोहों में लंदन ओलम्पिक की अपेक्षा कम खर्च किया जाएगा। समारोहों के निदेशकों ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की बुधवार की रपट के अनुसार, वर्ष शुरू होने के साथ ही ब्राजील की अर्थव्यवस्था में गिरावट जारी है, जिससे बाजार में निराशा का माहौल बढ़ा है।
नए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, ब्राजील की अर्थव्यवस्था में इस दौरान 2.1 फीसदी की गिरावट आई है, वार्षिक महंगाई दरों के 9.25 फीसदी रहने की उम्मीद है। ब्राजीलिआई राष्ट्रपति डिलमा रोसेफ पर महाभियोग चलाए जाने की मांगें भी उठी हैं।
2002 की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘सिटी ऑफ गॉड’ के निर्देशक फर्नाडो मीरेल्लेस रियो ओलम्पिक के समारोहों के निदेशकों में से एक हैं। उनका अनुमान है कि रियो ओलम्पिक समारोहों पर लंदन ओलम्पिक की अपेक्षा सिर्फ 10 फीसदी राशि ही खर्च की जाएगी।
उन्होंने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ब्राजील वित्तीय संकट की स्थिति में है, यह सभी जानते हैं। हमारे पास पहले से ही बजट कम है, लेकिन मैं इस कम बजट में भी काम कर खुश हूं। जिस देश में साफ-सफाई के लिए, शिक्षा के लिए रुपयों की जरूरत है, वहां लंदन ओलम्पिक जितनी राशि बर्बाद कर मुझे शर्म आएगी।”
dharmpath.com dharmpath