न्यूयॉर्क, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता हासिल करने के अपने लक्ष्य के तहत गुरुवार को बांग्लादेश, गुयाना, सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि अपनी मुलाकात के दौरान बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सुरक्षा परिषद में सुधार का समर्थन किया।
प्रवक्ता ने कहा कि यह एक ‘अच्छी मुलाकात’ थी और भारत एवं बांग्लादेश के नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच हालिया भूमि हस्तांतरण समझौते पर ‘पूर्ण संतोष’ जताया।
स्वरूप ने कहा कि इस मुलाकात के दौरान भूटान-बांग्लादेश-भारत-नेपाल (बीबीआईएन) सड़क नेटवर्क के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क पर भी विचार-विमर्श किया गया।
करीब 1,00,000 की आबादी वाले कैरिबियाई देश सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस का संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक वोट है और ऐसे देश अहम निर्णयों में अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे छोटे राष्ट्र भारत की सुरक्षा परिषद सदस्यता संबंधी कूटनीति के एक महत्वपूर्ण अंग हैं।
मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में सुधार प्रक्रिया को अपना समर्थन देने के लिए इस देश के प्रधानमंत्री राल्फा गोंजाल्विस का आभार जताया।
मोदी और गोंजाल्विस ने द्विपक्षीय संबंधों के विकास और सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस के विकास में भारत की मदद के बारे में बातचीत की। मोदी ने गोंजाल्विस को भारत आने का निमंत्रण दिया।
dharmpath.com dharmpath