टी-20 अभ्यास मैच : भारत-ए के सामने 190 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

नई दिल्ली, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। ज्यां पॉल ड्यूमिनी (नाबाद 68) के शानदार अर्धशतक और कप्तान फाफ दू प्लेसिस (42, रिटायर्ड आउट) और अब्राहम डिविलियर्स (37) की उम्दा पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पालम एअरफोर्स मैदान पर मंगलवार को जारी टी-20 अभ्यास मैच में भारत-ए के सामने 190 रनों का लक्ष्य रखा है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 189 रन बनाए। ड्यूमिनी ने अपनी 32 गेंदों की नाबाद पारी में दो चौके और छह छक्के लगाए।

ड्यूमिनी कप्तान प्लेसिस के रिटायर्ड आउट होने के बाद मैदान पर आए और छा गए। प्लेसिस ने भी हालांकि बेहतरीन अंदाज खेलते हुए 27 गेंदों पर सात चौैके लगाए।

प्लेसिस और डिविलियर्स ने आपस में दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। डिविलियर्स ने 27 गेंदों का सामना कर तीन चौके और दो छक्के लगाए। उनका विकेट 90 के कुल योग पर गिरा।

डेविड मिलर (10) अधिक देर नहीं टिक पाए लेकिन फरहान बेहरादीन (नाबाद 17) ने ड्यूमिनी के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। बेहरादीन ने 20 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।

ड्यूमिनी और बेहरादीन ने 46 गेंदों पर 83 रनों की नाबाद साझेदारी की। भारत-ए की ओर से कुलदीप यादव और हार्दिक पंड्या को एक-एक विकेट मिला।

भारत के 72 दिनों के दौरे की शुरुआत दक्षिण अफ्रीकी टीम इसी मैच से कर रही है। इसके बाद वह हिमाचल के धर्मशाला में दो अक्टूबर को भारत के साथ पहला आधिकारिक टी-20 मैच खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493