कुआलालंपुर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी इसी महीने होने वाले 70 लाख डॉलर इनामी राशि वाले सीआईएमबी क्लासिक खेलने कुआलालंपुर गोल्फ एंड कंट्री क्लब में उतरेंगे तो उनका लक्ष्य यहां अपना दूसरा खिताब जीतना रहेगा।
अब तक लाहिड़ी के करियर का सर्वश्रेष्ठ वर्ष रहा है और वह दो खिताब जीतने में सफल रहे हैं।
लाहिड़ी ने इसी वर्ष अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक मेजर टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया और प्रेसिडेंट्स कप में पदार्पण हासिल करने में सफल रहे।
हालांकि लाहिड़ी के लिए अभी यह शानदार वर्ष यहीं खत्म नहीं हुआ है और वह 29 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच होने वाले टूर्नामेंट में फिर से विजेता बनना चाहेंगे। इसी गोल्फ कोर्स में वह फरवरी, 2015 में मलेशियन ओपन खिताब जीतने में सफल रहे थे।
एशियन टूर और प्रोफेशनल गोल्फर्स एसोसिएशन (पीजीए) टूर द्वारा मान्यता प्राप्त सीआईएमबी क्लासिक में यदि वह अपने क्षमता के अनुकूल प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं तो वह पहली बार एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट खिताब भी हासिल कर लेंगे।
विश्व वरीयता में 40वें लाहिड़ी पिछले दो सत्रों में एशियन टूर रैंकिंग में क्रमश: तीसरे और दूसरे स्थान पर रहे और इस समय आस्ट्रेलिया के एंड्र डॉड्ट से ऊपर शीर्ष पर मौजूद हैं।
लाहिड़ी ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “मेरे लिए शायद यह वर्ष का सबसे अहम टूर्नामेंट होगा। मलेशिया ओपन जीतने के बाद सीआईएमबी क्लासिक के लिए फिर से मलेशिया वापस आना शानदार है। मेरे लिए यह किसी खास मौके की तरह है।”
दो महीने पहले वर्ष के आखिरी मेजर टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर लाहिड़ी ने कहा कि इससे उन्हें पीजीए द्वारा मान्यता प्राप्त टूर्नामेंटों के लिए काफी आत्मविश्वास मिला है।
dharmpath.com dharmpath