30 मिनट का नियमित व्यायाम घटा सकता है दमा

टोरोंटो, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। सैर और योग जैसे व्यायाम नियमित रूप से 30 मिनट किए जाएं तो दमा (अस्थमा) के लक्षणों में सुधार आ सकता है। बीएमजे ओपन रेस्पिरेटरी रिसर्च में प्रकाशित एक नए अध्ययन में यह दावा किया गया है।

शोध में अस्थमा पीड़ित 643 व्यक्तियों के व्यायाम की आदतों का निरीक्षण किया गया।

अध्ययन में ज्ञात हुआ कि जो लोग नियमित रूप से समुचित शारीरिक गतिविधि करते थे, उनमें व्यायाम न करने वालों की तुलना में अस्थमा के लक्षणों पर ढाई गुना अधिक नियंत्रण देखा गया।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, व्यायाम ज्यादा कठोर नहीं होना चाहिए।

आमतौर पर इस समस्या के पीड़ितों को व्यायाम न करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि माना जाता है कि इससे सांस उखड़ने से दमा का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

कनाडा में मोंट्रियाल स्थित कोनकोर्डिया यूनिवर्सिटी में प्राध्यापक प्रमुख शोधकर्ता सिमोन बेकन के मुताबिक, साधारण एहतियात बरतकर व्यायाम के कारण होने वाली इन समस्याओं पर काबू पाया जा सकता है।

बेकन ने कहा, “व्यायाम के कारण इन समस्याओं के बढ़ने की बात सही है, लेकिन अगर आप व्यायाम से पूर्व रिलिवर दवा ‘ब्ल्यू पफर’ लेते हैं और व्यायाम के बाद शरीर को थोड़ा आराम देते हैं तो सब ठीक रहता है।”

बेकन ने कहा, “अगर आपको अस्थमा है तब भी आपको व्यायाम जरूर करना चाहिए। हमारे अध्ययन में पता चला है कि जो लोग नियमित रूप से वर्ष भर शारीरिक रूप से सक्रिय रहते हैं उन्हें सबसे ज्यादा लाभ मिलता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493