प्लेसिस ने गेंदबाजों को दिया टी-20 श्रृंखला की जीत का श्रेय

कोलकाता, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की टी-20 टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने भारत के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज की जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया।

प्लेसिस ने कहा कि रविवार से शुरू हो रही पांच मैचों की एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला में भारत से सामना मुश्किल हो सकता है।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार को टी-20 श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और इस तरह से दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली।

प्लेसिस ने कहा, “टी-20 श्रृंखला जीतना एक बहुत ही बड़ी उपलब्धि है और एकदिवसीय श्रंखला में टीम आत्मविश्वास से भरी होगी।”

प्लेसिस ने यह भी कहा कि यह एक नई प्रतियोगिता है और भारत भी इसकी शुरुआत एक नए सिरे से करेगा।

कप्तान ने साथ ही टी-20 श्रृंखला की जीत के लिए बल्लेबाज जे.पी. ड्यूमिनी को भी श्रेय दिया।

उन्होंने कहा, “टीम की बल्लेबाजी काफी अच्छी थी, इस जीत के लिए आपको अपनी कुशलता पर गर्व होना चाहिए।”

ड्यूमिनी को मैन ऑफ दी टूर्नामेंट घोषित किया गया और उन्होंने इस श्रृंखला को एक महान उपलब्धि बताया।

ड्यूमिनी ने कहा, “भारत में भारतीय टीम के साथ श्रृंखला खेलना हमेशा से मुश्किल रहा है। उनका यहां टी-20 में दुर्जेय रिकार्ड रहा है। हमारे लिए विश्व कप में जाने के रूप में यह श्रृंखला जीतना एक अच्छा प्रदर्शन है।”

ड्यूमिनी ने कहा कि आगामी एकदिवसीय श्रृंखला काफी मुश्किल होने वाली है और वह पूरे उत्साह से इसका इंतजार कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493