ताइपेई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी एस. चिक्का रविवार को पांच लाख डॉलर इनामी राशि वाले यींगडर टूर्नामेंट प्लेयर्स चैम्पियनशिप में संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल कर सके।
दूसरे राउंड के बाद शनिवार तक एक अन्य भारतीय खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे चिक्का टूर्नामेंट के तीसरे और फाइनल राउंड में पार-72 का स्कोर हासिल कर सके।
गगनजीत भी फाइनल राउंड में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके और तीन ओवर 75 का स्कोर हासिल करते हुए 14 स्थान फिसलकर संयुक्त 22वें स्थान पर रहे।
चिक्का का तीसरे राउंड में प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने चौथे, 11वें और 15वें होल पर बर्डी लगाए, जबकि तीसरे, छठे और 14वें होल पर बोगी लगा बैठे।
चिक्का का ओवरऑल स्कोर छह अंडर 210 रहा और वह विजेता दक्षिण अफ्रीका के शॉन नौरिस से छह शॉट पीछे रहे।
नौरिस ने पूरे टूर्नामेंट में एकसमान प्रदर्शन करते हुए तीनों राउंड में 68 का स्कोर हासिल किया।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में हिम्मत राय 215 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 34वें पायदान पर रहे।
राहिल गंगजी बिल्कुल प्रभावहीन रहे। उन्होंने 222 के ओवरऑल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 69वां स्थान हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath