नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। विख्यात गजल गायक गुलाम अली भले ही शिवसेना की धमकी के बाद मुंबई और पुणे में प्रस्तुति न दे पाए हों, लेकिन रविवार को एक रेडियो स्टेशन उनकी गजलों के जरिए उनकी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
रेडियो मिर्ची 98.3 एफएम इस महान फनकार की गजलें बजाएगा।
इस खास संगीत कार्यक्रम की मेजबानी रेडियो जॉकी सायमा करेंगी। इस कार्यक्रम में गुलाम अली साहब की ‘चुपके चुपके रात दिन’, ‘हंगामा है क्यों बरपा’, ‘तेरी याद याद याद’ और ‘हम तेरे शहर में आए हैं’ जैसी सफल गजल श्रोताओं के लिए चलाए जाने की उम्मीद है।
सायमा ने एक बयान में कहा, “गुलाम अली साहब का संगीत मोहब्बत और सौहार्द का प्रतीक है। हम लोगों के बीच अमन और प्यार का प्रसार करने वाली ऐसी गतिविधियों और अभियान का समर्थन करने को लेकर हमेशा ही उत्साहित रहते हैं।”
रेडियो मिर्ची के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रशांत पांडे ने कहा, “संगीत को लोकलुभावन राजनीति या भौगोलिक सीमाओं में नहीं बांधा जाना चाहिए। भारत में गुलाम अली के प्रशंसक बहुत बड़ी संख्या में हैं और संगीत से प्रेम करने वाला रेडियो स्टेशन होने के नाते हम उनके संगीत का प्रसारण करने जा रहे हैं।”
उल्लेखनीय है कि गुलाम अली (75) को इस सप्ताह फिल्म नगरी मुंबई और पुणे में महान गजल गायक जगजीत सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर स्वरांजलि देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन महाराष्ट्र सराकर में शामिल भाजपा के विरोध के कारण उनके कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
शिवसेना भले ही गुलाम अली को महज एक पाकिस्तानी माने, मगर वह इस समय उत्तर प्रदेश में आमंत्रित हैं, दिल्ली सरकार और पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें दिसंबर में आमंत्रित किया है।
dharmpath.com dharmpath