मिलान, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने यहां मिलान विश्व प्रदर्शनी में कहा कि अमेरिका खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर दुनिया के सभी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
केरी ने शनिवार को विश्व खाद्य दिवस के संदर्भ में यह बात कही, जो एक दिन यानी शुक्रवार 16 अक्टूबर को मनाया गया।
उन्होंने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारे समक्ष जो चुनौतियां हैं, वे बहुत बड़ी हैं। अमेरिका सभी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।”
केरी ने कहा, उन्हें लगता है कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक खाद्य सुरक्षा के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है।
उन्होंने यह भी कहा कि कटु सत्य यह है कि जब तक जलवायु परिवर्तन, सूखे, बाढ़, मौसम में परिवर्तन, समुद्र के अम्लीकरण, भूख और कुपोषण से निपटने के लिए वैश्विक समुदाय एकजुट नहीं हो जाता, तब तक इससे निजात नहीं पाई जा सकती।
उन्होंने जलवायु स्मार्ट कृषि पर जोर देते हुए इसे समय की जरूरत बताया।
केरी ने कहा, “इस साल के अंत में पेरिस में पूरा विश्व संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में शामिल होगा। इस समस्या से निपटने के लिए इस मंच पर सभी देशों के एकजुट होने की जरूरत है। सभी देश एक महत्वाकांक्षी, चिरस्थाई और समेकित समझौता करें, जिससे वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके।”
dharmpath.com dharmpath