वेल्लिंगटन, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। पारंपरिक और आधुनिक भारतीय संस्कृति का मजा उठाने के लिए हजारों लोग रविवार को ऑकलैंड में दीवाली उत्सव के लिए एकत्रित हुए।
समाचार पत्र न्यूजीलैंड हेराल्ड के मुताबिक, यह दो दिवसीय उत्सव क्वीन सेंट एओटिआ स्क्वेयर में रविवार रात आतिशबाजी के साथ सम्पन्न हुआ। उत्सव में कार्यशालाएं, नृत्य, संगीत, कठपुतली और नाट्य प्रदर्शन भी आयोजित किए गए।
शहर के इस सबसे बड़ा शाकाहरी उत्सव में पिछले वर्ष 35,000 लोग शरीक हुए थे।
उत्सव का आयोजन ऑकलैंड परिषद के पर्यटन, समारोह और आर्थिक विकास की शाखा ने एशिया न्यूजीलैंड फाउंडेशन की सहभागिता में किया था।
उत्सव में पारंपरिक पकवानों के साथ ही कलात्मक शिल्प और नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति के विविध रंग पेश किए गए।
उत्सव में खानपान और शिल्प के 60 से भी अधिक स्टॉल लगाए गए।
उत्सव में कई भारतीय कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिनमें कठपुतली का खेल दिखाने वाले भारतीय कलाकार महिपत कवि और महाराष्ट्र के लावणी लोक नृत्य समूह ‘मुद्रा क्रिएशन’ भी शामिल थे।
इसके अतिरिक्त पुलिस जवानों के एक समूह द्वारा किया गया पंजाब का लोक नृत्य ‘भांगड़ा’ भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। नृत्य का संचालन न्यूजीलैंड की पहली महिला पुलिस अधिकारी मंदीप कौर द्वारा किया गया।
भारत में जन्मी ऑकलैंड निवासी स्मिता उपाध्याय ने रंगोली कार्यशाला में बच्चों को रंगोली के नमूने सिखाए।
भारतीय कलाकार हरप्रीत सिंह ने न्यूजीलैंड के कलाकार ब्रायडी रूड की सहभागिता में ऑकलैंड कला दीर्घा में अपनी कला प्रदर्शनी लगाई।
सहभागिता का उद्देश्य भारतीय परंपरा, प्रवास और शरणार्थियों के बारे में जागरूकता फैलाना और ऑकलैंड की सांस्कृतिक विविधता को प्रतिबिंबित करना था।
dharmpath.com dharmpath