बीबीसी के लाइव कार्यक्रम में शामिल सिख ने किया हंगामा

लंदन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में सिखों के विरुद्ध हिंसा को मीडिया द्वारा कवर न किए जाने से नाराज एक सिख ने बीबीसी के कार्यक्रम ‘संडे मॉर्निग लाइव’ को बाधित कर दिया। यह व्यक्ति इस कार्यक्रम में एक पैनल सदस्य के रूप में हिस्सा ले रहा था।

द इंडिपेंडेंट की रपट के मुताबिक, ब्रिटेन की धर्मार्थ संस्था ‘एजुकेशनल चैरिटी बेसिक्स ऑफ सिखी’ के प्रतिनिधि जगमीत सिंह ने कैमरे के आगे खड़े होकर, प्रस्तोता सियान विलिम्स के आगे अवरोध उत्पन्न करते हुए कहा, “मुझे बताना है कि पंजाब में सिखों की हत्या की जा रही है और मीडिया इसकी खबर नहीं दे रहा। कृपया इसकी रिपोर्टिग करें।”

विलियम्स ने सिंह से कहा, “जगमीत अगर आप यहां अतिथियों और दर्शकों के प्रति आदर नहीं दिखाते और विनम्रता से पेश नहीं आते तो मुझे आपको यहां से बाहर निकालना पड़ेगा।”

झगड़े के बाद विलियम्स ने दर्शकों को ध्यान बंटाने के लिए कोई अन्य क्लिप चला दी। कैमरे जब दोबारा पैनल की ओर हुए तब सिंह जा चुके थे।

‘बेसिक्स ऑफ सिखी’ ने बाद में प्रस्तोता पर सिखों का अपमान करने का आरोप लगाया।

धर्मार्थ संस्था ने फेसबुक पर पोस्ट किया, “संडे मॉर्निग लाइव में जगमीत सिंह के साथ बीबीसी के व्यवहार से बेहद निराश हैं। प्रस्तोता ने सिंह को निकाल दिया और पंजाब में सिखों के खिलाफ हिंसा के मुद्दे को उठाने के लिए उन्हें बार-बार अपमानित किया।”

बीबीसी के एक प्रवक्ता ने घटना के बारे में कहा, “लाइव टीवी पर अनियोजित वाकये होते रहते हैं और सियान ने इसे सही ढंग से और व्यवसायिक तरीके से संभाला।”

गौरतलब है कि संडे मॉर्निग लाइव बीबीसी वन पर प्रसारित होने वाला एक धार्मिक और सामयिकी चर्चा कार्यक्रम है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493