वाशिंगटन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलुगू एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (टीएएनए) आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती के विकास के लिए धन जुटा रहा है। टीएएनए तेलुगू लोगों का सबसे पुराना एवं बड़ा एसोसिएशन है।
तेलुगू एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका 22 अक्टूबर को रखी जाने वाली नई राजधानी की नींव के कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर ‘माय ब्रिक-माय अमरावती’ अभियान के तहत अमरावती के विकास में योगदान देने के इच्छुक सभी गैर-प्रवासी तेलुगू लोगों से दान प्राप्त लेगा।
माय ब्रिक-माय अमरावती अभियान ‘अमरावती डॉट गव डॉट इन’ पर लांच किया गया है। इस अभियान में दान देने के इच्छुक लोगों को प्रत्येक ईंट 10 रुपये में मिलेगी। इस तरह दानकर्ता अमरावती के विकास में कम से कम 10 रुपये का योगदान दे सकेगा।
टीएएनए के अध्यक्ष वी. चौधरी जंपाला ने कहा कि वेबसाइट फिलहाल भारत से बाहर के लोगों से धन प्राप्त करने में सक्षम नहीं है।
उत्तरी अमेरिका में ऐसे बहुत से गैर-प्रवासी तेलुगू भाषी लोग रहते हैं, जिन्होंने अमरावती के विकास में योगदान देने और इस अभियान से जुड़ने की इच्छा जताई है।
टीएएनए दानकर्ताओं की सूची सहित प्राप्त दान राशि को आंध्र प्रदेश सरकार को सौंपेगा।
dharmpath.com dharmpath