गूगल ने डूडल बनाकर मनाया आर.के. लक्ष्मण का जन्मदिन

मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्च इंजन गूगल ने शनिवार को डूडल के माध्यम से विश्वविख्यात भारतीय दिग्गज कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण को उनके 94वें जन्मदिन पर याद किया।

गूगल ने आर.के. लक्ष्मण पर जो डूडल बनाया है, उसकी पृष्ठभूमि श्वेत श्याम (ब्लैक एंड व्हाइट) है। इसमें एक कलाकार कुर्सी पर बैठकर उनकी प्रसिद्ध कृति ‘कॉमन मैन’ को कैनवास पर उकेर रहा है, जो कैनवास के पीछे खड़ा नजर आ रहा है।

लक्ष्मण का जन्म 24 अक्टूबर, 1921 को हुआ था। उनका इस साल 26 जनवरी को पुणे के एक अस्पताल में 93 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

उनके परिवार में पत्नी कमला, बेटे श्रीनिवास, पुत्रवधू उषा और पोती रिमानिका हैं।

लक्ष्मण की पुत्रवधू उषा श्रीनिवास लक्ष्मण ने गूगल द्वारा डूडल बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हम काफी खुश और आभारी हैं कि गूगल ने उनपर डूडल बनाकर उन्हें सम्मान दिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493