बिलिंग (हिमाचल प्रदेश), 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पैराग्लाइडिंग विश्व कप-2015 में हिस्सा लेने भारत पहुंचे फ्रांस के पैराग्लाइडर मैक्सिम पिनोट का मानना है कि कांगड़ा जिले में स्थित बीर और बिलिंग दुनिया के बेहतरीन पैराग्लाइडिंग स्थल हैं।
पैराग्लाइडिंग की विश्व नियामक संस्था-एफएआई की आधिकारिक रैंकिंग में बीर और बिलिंग को दूसरा स्थान प्राप्त है लेकिन पैराग्लाइडरों के बीच वैश्विक लोकप्रियता के आधार पर बीर और बिलिंग हर लिहाज से सबसे अच्छे आयोजन स्थल हैं।
बीर पैराग्लाइडरों के लिए लैडिंग साइट है। यही पर ये उड़ान समाप्त करते हैं। कांगड़ा जिले की एक तहसील बैजनाथ से 23 किलोमीटर दूर है और बीर से लगभग 1000 मीटर की ऊंचाई और 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बिलिंग पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट (उड़ान भरने वाले स्थान) है।
बीर में जिस स्थान पर लैडिंग होती है, वहां इन दिनों मेला जैसा माहौल रहता है। लैडिंग साइट पर जगह-जगह स्पीकर लगे हैं। उन पर हिंदी और अंग्रेजी संगीत बजते रहते हैं। आस-पास कई रेस्टोरेंट और दुकाने हैं। खास लोगों के लिए टेबल-कुसियां लगी हैं। लोग परिवार के साथ सीढ़ीदार खेतों में बैठकर पैराग्लाइडरों को उतरते देखते हैं। एक ऐसे स्थान के लिए जहां आम तौर पर शाम और रात बड़ी बोरिंग होती है, पैराग्लाइडिंग विश्व कप ने कई तरह के रंग भर दिए हैं।
यह नजारा पैराग्लाइडरों के लिए बेहद खास है। विश्व कप के पहले प्रतिस्पर्धी दिन मंगलवार को पहला स्थान हासिल करने वाले पिनोट मानते हैं कि इस तरह का नजारा और इस खेल को लेकर उत्साह दुनिया में कहीं और नहीं दिखता और इसी कारण वह बीर और बिलिंग को बेहतरीन आयोजन स्थल मानते हैं।
पिनोट ने कहा, “बीर और बिलिंग सबसे अच्छे पैराग्लाइडिंग साइट हैं। यहां से अच्छा मौसम, हवा की रफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था, हंसमुंख लोग, अच्छा खाना और इस खेल से प्यार करने वाले दर्शक और कहीं नहीं मिलते। तकनीकी आधार पर इटली को भले ही सबसे अच्छे आयोजन के तौर पर जाना जाता हो लेकिन हमारे लिए बीर और बिलिंग नम्बर-1 हैं।”
पिनोट के साथ-साथ कई पैराग्लाइडरों ने लैंडिंग साइट पर जमा भीड़ को लेकर खुशी जाहिर की और कहा कि यह नजारा मेक्सिको, बेल्जियम, इटली या फिर फिनलैंड में देखने को नही मिलता। इस कारण वे भी बीर और बिलिंग को नम्बर-1 पैराग्लाइडिंग साइट के तौर पर देखते हैं।
dharmpath.com dharmpath