न्यूजीलैंड में पुरस्कार की दौड़ में 2 भारतवंशी शामिल

वेलिंगटन, 2 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड में वूमेन ऑफ इंफ्लुएंस 2015 पुरस्कार की दौड़ में भारतीय मूल की दो महिलाएं भी शामिल हैं। इन्हें सामुदायिक सेवा और लाभ के लिए काम नहीं करने वालों की श्रेणी में नामित किया गया है।

स्टफ डॉट को डॉट एनजेड की सोमवार की रपट के मुताबिक, ईस्ट तामाकी हेल्थकेयर समूह की संस्थापिका रंजना पटेल और मैसे विश्वविद्यालय की वित्त शिक्षा और शोध केंद्र की निदेशक पुष्पा वुड इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की अंतिम 18 दावेदारों में शामिल हैं।

रंजना का समूह न्यूजीलैंड में 35 और आस्ट्रेलिया में 14 क्लीनिक चलाता है। उन्होंने तकरीबन 800 लोगों को रोजगार दिया हुआ है। इनमें से अधिकांश का संबंध निम्न आर्थिक-सामाजिक समुदायों से है।

रंजना को 2009 में क्वीन सर्विस मेडल मिल चुका है। उन्हें 2014 में महिला उद्यमियों के हाल ऑफ फेम में शामिल किया गया था।

पुष्पा वुड न्यूजीलैंड में वयस्क और वित्तीय साक्षरता की स्थिति सुधारने की दिशा में काम करती हैं।

हिंदी में पीएचडी पुष्पा भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विश्वासों के मामलों में अदालत की मदद करती हैं।

वूमेन इंफ्लुएंस पुरस्कार फेयरफैक्स मीडिया और वेस्टपैक बैंक द्वारा संयुक्त रूप से दिया जाता है। इस पुरस्कार के मूल में उन महिलाओं को मान्यता देना और सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने काम से न्यूजीलैंड के जीवन पर सकारात्मक असर डाला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493