मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्मकार महेश भट्ट ने उन अफवाहों का खंडन किया है जिनमें कहा गया है कि वह 1947 में बंगाल के विभाजन पर बनी फिल्म ‘राजकहिनी’ के हिंदी संस्करण के सह-लेखक और रचनात्मक निर्देशक की भूमिका निभाएंगे।
17वें जियो मामी मुंबई फिल्म समारोह में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के अवसर पर भट्ट ने कहा, “मैं रीमेक नहीं लिख रहा हूं। मैं रंगमंच की पृष्ठभूमि से आया हूं, इसलिए हर प्रस्तुति में मैं कुछ नया करने के बारे में सोचता हूं। हम फिल्म के फ्रेम को वैसा ही रखते हुए, उसे एक अलग रूप में बनाएंगे और कहानी को एक खास अंदाज में पेश करेंगे।”
भट्ट ने कहा, “मैं वेंकटेश फिल्म्स के साथ फिल्म का निर्माण करने की कोशिश कर रहा हूं। फिल्म के मूल स्वरूप को बदले बिना हिंदी रीमेक की कहानी राजस्थान या पंजाब की पृष्ठभूमि में रची जाएगी।”
विभाजन के दौर की पृष्ठभूमि में बनी यह फिल्म वेश्यालयों में रहने वाली महिलाओं की भावनाओं को पर्दे पर पेश करती है।
‘राजकहिनी’ भारत में छह नवम्बर को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath