मोहाली (पंजाब), 5 नवंबर (आईएएनएस)। डीन एल्गर (22/4) के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी 201 रनों पर समेट दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कुल 68 ओवरों का सामना किया। भारत ने 2.95के औसत से रन बटोरे। भारत की ओर से मुरली विजय ने सबसे अधिक 75 रन बनाए जबकि रवींद्र जडेजा ने 38 तथा चेतेश्वर पुजारा ने 31 रनों की पारी खेली। छह बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके।
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। पीसीए मैदान पर ही अपने करियर का आगाज करते हुए आस्ट्रेलिया के खिलाफ तेज शतक लगाने वाले शिखर धवन शून्य के कुल योग पर वेरनान फिलेंडर की गेंद पर हाशिम अमला के हाथों स्लिप में लपके गए।
इसके बाद पुजारा और विजय ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। यह जोड़ी अच्छा खेल रही थी लेकिन एल्गर ने पुजारा को पगबाधा आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने 66 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए।
पुजारा का विकेट 63 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लेने आए कप्तान विराट कोहली (1) अपने जन्मदिन को खास नहीं बना सके और चार गेंदों का सामना कर अपना पहला टेस्ट खेल रहे कागिसो राबाडा की गेंद पर एल्गर के हाथों कैच हुए।
कोहली के आउट होने के बाद अजिंक्य रहाणे (15) ने विजय के साथ 37 रनों की साझेदारी की। रहाणे 102 के कुल योग पर एल्गर की गेंद पर अमला के हाथों लपके गए।
रहाणे की विदाई के तुरंत बाद रिद्धिमान साहा (0) को एल्गर ने खाता नहीं खोलने दिया। यह विकेट भी 102 के कुल योग पर गिरा।
एक छोर पर विजय जमे हुए थे और दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते जा रहे थे। ऐसे में विजय को एक अदद साथी की तलाश थी। जडेजा ने विकेट पर आकर इसके संकेत दिए।
दोनों ने सम्भलकर खेलना शुरू किया और स्कोर को 140 रनों तक पहुंचाया। यह साझेदारी अच्छा रूप ले रही थी लेकिन इसी बीच विजय ने अपना संयम खोया और साइमन हार्मर की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।
विजय ने 136 गेंदों का सामना कर 12 चौके लगाए। उनका स्थान लेने आए मिश्रा ने टिकने की कोशिश की लेकिन एल्गर ने उन्हें 154 के कुल योग पर चलता किया।
इसके बाद जडेजा और रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 20) ने आठवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इन दोनों में से जडेजा ने पहले संयम खोया और 196 के कुल योग पर फिलेंडर का शिकार बने। जडेजा ने 92 गेंदों पर चार चौके लगाए।
यह विकेट गिरने के बाद इमरान ताहिर ने 201 के कुल योग पर उमेश यादव (5) और वरुण एरॉन (0) को चलता कर भारत की पारी समाप्त की।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एल्गर ने चार विकेट लिए जबकि फिलेंडर और ताहिर को दो-दो विकेट मिलेष ।राबाडा और हार्मर ने भी एक-एक सफलता पाई।
dharmpath.com dharmpath