शंघाई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी गोल्फ खिलाड़ी एस. एस. पी. चौरसिया ने गुरुवार को 85 लाख डॉलर इनामी राशि वाले डब्ल्यूजीसी एचएसबीसी चैम्पियंस की सधी शुरुआत करते हुए पहले राउंड में तीन अंडर 69 का स्कोर हासिल किया।
भारत के शीर्ष खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी का प्रदर्शन पहले दौर में थोड़ा लड़खड़ाया जरूर, पर वह वापसी को लेकर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
शेशान अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ क्लब में तीन बार के एशियन टूर विजेता चौरसिया ने सधे अंदाज में शॉट लगाए और पहले राउंड में कुल 28 पुट हासिल किए।
पहले राउंड के बाद शीर्ष पर रहे दक्षिण अफ्रीका के ब्रैंडेन ग्रेस से चौरसिया छह शॉट पीछे चल रहे हैं।
चौरसिया ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मेरे लिए यह गोल्फ कोर्स काफी लंबा है और मैंने बिल्कुल सीधे शॉट खेले। मैंने पूरे दिन ऐसा ही किया और अपने प्रदर्शन से मैं खुश हूं। यह एक अच्छी शुरुआत है और उम्मीद है कि मैं आगे भी अपनी लय कायम रख सकूंगा।”
39वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी पहले दिन दो अंडर 70 का स्कोर हासिल कर सके, हालांकि उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि आगामी राउंड में शीर्ष खिलाड़ियों से अपना अंतर कम कर लेंगे।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी का मध्यांतर के बाद प्रदर्शन लड़खड़ा गया और वह आखिरी के नौ होल में सिर्फ 37 का स्कोर हासिल कर सके।
लाहिड़ी ने इससे पहले, मध्यांतर तक दूसरे, पांचवें और सातवें होल पर तीन बर्डी लगाकर अच्छी शुरुआत की थी।
लाहिड़ी ने कहा, “मेरे पास शीर्ष खिलाड़ियों से अपने अंतर को कम करने का पूरा मौका है, क्योंकि पहले दिन कई बर्डी लगाई गईं। मेरे लिए सिर्फ शुरुआत खराब हुई है। मैं आठ फुट के अंदर वाले कई शॉट चूक गया, जिसका मुझे खामियाजा भुगतना पड़ा।”
dharmpath.com dharmpath