ब्रिस्बेन, 6 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया ने गाबा क्रिकेट मैदान पर जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को न्यूजीलैंड को फॉलोऑन की ओर धकेल दिया है।
मेजबान टीम की पहली पारी के पहाड़ सरीखे स्कोर चार विकेट पर 556 (घोषित) के जवाब में मेहमानों ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 157 रनों पर 5 अहम वकेट गंवा दिए हैं।
केन विलियमसन 55 और बीजे वॉटलिंग 14 रनों पर नाबाद लौटे। दोनों ने छठे विकेट के लिए अब तक 39 रनों की साझेदारी की है। विलियमसन आस्ट्रेलिया की तमाम रणनीति से बेखबर बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन वॉटलिंग के साथ तीसरे दिन के पहले सत्र में उन्हें नई चुनौतियों का सामना करना होगा।
पहली पारी की तुलना में कीवी टीम अभी भी 399 रन पीछे है। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क और मिशेल जानसन ने दो-दो विकेट लिए हैं।
न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल (23), टॉम लैथम (47), रॉस टेलर (0), कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (6) और जेम्स नीशम (3) के विकेट गंवाए हैं।
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा (174) का विकेट गिरते ही अपनी पहली पारी घोषित कर दी। पहले दिन स्टम्प्स तक 103 रनों पर नाबाद लौटने वाले ख्वाजा ने कप्तान स्टीवन स्मिथ (48) के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रन जोड़े।
स्मिथ पहले दिन 41 रनों पर नाबाद लौटे थे। एडम वोग्स 81 रनों पर नाबाद लौटे। वोग्स और ख्वाजा ने पांचवें विकेट के लिए 157 रनों की साझेदारी की। ख्वाजा ने 239 गेंदों का सामना कर 16 चौके और दो छक्के लगाए जबकि वोग्स ने 127 गेंदों पर 11 चौके जड़े।
पहले दिन आस्ट्रेलिया के लिए डेविड वार्नर ने 163 और जोए बर्न्स ने 71 रनों की पारी खेली थी।
dharmpath.com dharmpath