सऊदी शाह ने पूरा होटल बुक कराया

अंकारा, 8 नवंबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज ने तुर्की के दक्षिणी प्रांत अंताल्या में एक महंगा होटल बुक कराया है। शाह ने इसके लिए एक करोड़ 80 लाख डॉलर चुकाए हैं।

शाह सलमान तुर्की की 18 दिनों की यात्रा पर आ रहे हैं। वह यहां जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

सबाह समाचार पत्र की रविवार की रपट के मुताबिक, सऊदी के शाह मरदान पैलेस में टिकेंगे। इसे यूरोप और भूमध्यसागरीय क्षेत्र का सबसे महंगा रिसॉर्ट माना जाता है। वह यहां जी-20 शिखर सम्मेलन से कुछ दिन पहले ही आ जाएंगे। यह सम्मेलन 15-16 नवंबर को होगा।

सलमान के काफिले में 100 लोग होंगे। बताया गया है कि उनके होटल में रहने के दौरान किसी और को यहां नहीं रहने दिया जाएगा।

दुनिया के सबसे महंगे होटल में शामिल इस होटल को शाह के लिए कुछ और सजाया-संवारा जा रहा है। होटल स्टाफ और शेफ को मेहमाननवाजी के लिए अलग से प्रशिक्षित किया जा रहा है।

सलमान को अपने ‘वीआईपी मजे’ के लिए उस वक्त आलोचना का सामना करना पड़ा था, जब उन्होंने फ्रांस के कोट डी अजुर में 100 मीटर लंबा समुद्र तट खुद के लिए रिजर्व करा लिया था। वहां अन्य लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई थी।

इसके खिलाफ एक लाख लोगों ने अपने दस्तखत वाला विरोध पत्र दिया था। इस पर शाह अपनी फ्रांस यात्रा को बीच में ही छोड़कर मोरक्को चले गए थे।

तुर्की के अधिकारियों ने कहा कि शिखर सम्मेलन की सुरक्षा पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ ही यूरोपीय संघ, रूस और चीन के नेता हिस्सा लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493