दक्षिण अफ्रीका के मोर्केल, ड्यूमिनी स्वस्थ हो टीम में लौटे

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम के हरफनमौला खिलाड़ी जे.पी. ड्यूमिनी और तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल पूरी तरह फिट हो टीम में वापसी के लिए तैयार हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, हालांकि तेज गेंदबाज डेल स्टेन की वापसी पर अभी भी संदेह बना हुआ है।

टी-20 और एकदिवसीय श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ड्यूमिनी के दाहिने हाथ में चोट लगी थी, जबकि मोर्केल के जांघ की मांसपेशी में खिंचाव आया था।

वहीं स्टेन को पहले टेस्ट मैच के दौरान पेड़ू में खिंचाव आ गया था और वह मोहाली टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके थे। हालांकि वह चौथी पारी में बल्लेबाजी करने जरूर उतरे थे।

दक्षिण अफ्रीका के टीम निदेशक मोहम्मद मूसाजी ने कहा, “ड्यूमिनी के दाहिने हाथ पर लगे टांके दो दिन पहले ही कट गए हैं। वह अगले एक-दो दिनों में अभ्यास शुरू कर देंगे और बेंगलुरू में होने वाले दूसरे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “मोर्केल का चोट पूरी तरह ठीक हो चुका है। अगर पहला टेस्ट एक दिन बाद शुरू होता तो शायद वह पहले टेस्ट से ही वापसी कर लेते। इस समय सिर्फ स्टेन की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है। वह पहले टेस्ट में लगी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। दूसरे टेस्ट मैच से दो दिन पहले उनके स्वास्थ्य की जांच की जाएगी और उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।”

भारत ने मोहाली टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को 108 रनों से मात देकर चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त ले ली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493