रोम, 10 नवंबर (आईएएनएस)। यूरोपियन फुटबाल संघ यूईएफए के महासचिव गियानी इनफैंटिनो ने मंगलवार को स्पष्ट कर दिया कि यदि यूईएफए अध्यक्ष माइकल प्लाटिनी फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ते हैं तो वह अपना नाम वापस ले लेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने इनफैंटिनो के हवाले से कहा, “प्लाटिनी मेरे अध्यक्ष हैं और मैं उनके साथ बीते नौ वर्षो से काम कर रहा हूं। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि मुझे उनका समर्थन हासिल है, अन्यथा मैं इस चुनाव से हट जाऊंगा।”
इनफैंटिनो ने कहा कि एक और चीज स्पष्ट कर ली जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “फीफा अध्यक्ष पद के लिए मेरी दावेदारी का मतलब प्लाटिनी का विरोध नहीं है। अगर वह यह चुनाव लड़ने की योग्यता रखते हैं तो मैं अपना नाम वापस ले लूंगा। यह विश्वसनीयता का साधारण सा मामला है। लेकिन अभी तो शत प्रतिशत मैं ही फीफा अध्यक्ष पद का दावेदार हूं और मैं न सिर्फ यूरोपीय फुटबाल के लिए बल्कि पूरी दुनिया में फुटबाल को आगे ले जाने के लिए यह चुनाव लड़ूंगा।”
गौरतलब है कि प्लाटिनी फीफा से 2011 में मिली 20 लाख स्विस फ्रैक की राशि के संबंध में जांच के घेरे में हैं और फीफा ने उन्हें 90 दिनों के लिए निलंबित किया हुआ है।
फीफा अध्यक्ष पद के लिए अगले वर्ष 26 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं।
इनफैंटिनो के अलावा प्रिंस अली बिन अल हुसैन, मूसा बिलिटी, जोरेम शैंपेन, शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा और टोक्यो सेक्सवेल फीफा अध्यक्ष पद के अन्य दावेदार हैं।
dharmpath.com dharmpath