वाडा ने मास्को की डोपिंग-रोधी केंद्र की मान्यता रद्द की

जेनेवा, 10 नवंबर (आईएएनएस)। एथलेटिक्स में भ्रष्टाचार और डोपिंग को लेकर निशाने पर चल रहे रूस को एक और झटका देते हुए विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी वाडा ने मास्को के डोपिंग रोधी केंद्र की मान्यता रद्द कर दी।

वाडा ने अपने एक स्वतंत्र आयोग की सिफारिश पर यह कार्रवाई की।

आयोग ने रूस को दुनिया के सभी एथलेटिक्स टूर्नामेंट से प्रतिबंधित किए जाने की सिफारिश की है और रूसी एथलेटिक्स में हुए डोपिंग, भ्रष्टाचार के मामलों को छिपाए जाने और प्रताड़ना के आरोपों की जांच के लिए कहा है।

आयोग ने अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) को रूस एथलेटिक्स में हुई इन गड़बड़ियों के समाधान में असफल रहने का दोषी भी कहा।

वाडा की वेबसाइट पर कहा गया है, “तत्काल प्रभाव से डोपिंग रोधी केंद्र पर लगाए गए प्रतिबंध के तहत इस केंद्र को वाडा से जुड़ी किसी भी डोपिंग गतिविधि से रोक दिया गया है, जिसमें लिए गए मूत्र एवं रक्त के नमूनों की जांच भी शामिल है।”

वाडा ने आगे कहा, “मास्को डोपिंग रोधी केंद्र नोटिस मिलने के 21 दिनों के अंदर इस फैसले के खिलाफ खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में अपील कर सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493