पेरिस, 14 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस में शुक्रवार रात हुए सिलसिलेवार विस्फोटों और गोलीबारी के बाद फ्रांस ने अपनी सीमाएं बंद नहीं की हैं, बल्कि यहां नियंत्रण बढ़ा दिया है।
पेरिस हमलों में 153 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक घायल हो गए।
एलिसी पैलेस (फ्रांस का राष्ट्रपति भवन) की ओर से शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया है, “राष्ट्रपति ओलांद ने तत्काल सीमाओं को नियंत्रित करने का फैसला किया।”
एलिसी पैलेस की ओर से यह बयान मंत्रिमंडल की आपात बैठक के बाद जारी किया गया।
इससे पहले ओलांद ने शुक्रवार देर रात ही इन हमलों के बाद देशभर में आपातकाल की घोषणा कर दी थी और देश की सीमाएं बंद करने का ऐलान किया था।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आपातकाल तत्काल प्रभाव से देशभर में लागू हो गया है, ताकि आवागमन को नियंत्रित किया जा सके और क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हवाईअड्डे तथा रेलवे स्टेशन खुले रहेंगे और यहां लोगों के लिए सुचारु सेवा एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
फ्रांस में हुए हमलों की अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने निंदा की है।
dharmpath.com dharmpath