पूरी मानवता को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा : मोदी (लीड-1)

एंटाल्या (तुर्की), 15 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मानव जाति से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। तुर्की में जी-20 बैठक से इतर ब्रिक्स देशों के नेताओं की बैठक में मोदी ने यह बात कही।

पेरिस में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के हमले में करीब 130 लोगों के मारे जाने के दो दिन बाद मोदी ने ब्रिक्स की बैठक में कहा, “हम पेरिस में आतंक के भयावह हमलों की एक साथ मिलकर कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। पूरी मानवता को साथ आना होगा और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा।”

ब्रिक्स ब्राजील, रूस, भारत, चीन व दक्षिण अफ्रीका का एक संगठन है।

मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ एकजुट प्रयास की जरूरत आज जैसी पहले कभी नहीं रही। उन्होंने कहा, “यह ब्रिक्स नेताओं की प्राथमिकता में भी होना ही चाहिए।”

मोदी ने कहा कि भारत ब्रिक्स को काफी महत्व देता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम अन्य सदस्यों द्वारा किए गए अच्छे कामों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।”

मोदी ने कहा, “वक्त की मांग है कि हम प्रतिक्रियाशील, समेकित और सामूहिक समाधान की तरफ ध्यान दें..जब भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा तो यही सोच होगी।”

भारत फरवरी 2016 में ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा। अभी यह रूस के पास है।

मोदी ने कहा, “नया विकास बैंक, मुद्रा भंडार व्यवस्था, ब्रिक्स के आर्थिक सहयोग की रणनीति-ये सभी हमारी स्पष्ट सोच के प्रमाण हैं। साथ मिलकर हम जी-20 को भी एक शक्ल दे सकते हैं।”

मोदी ने इस बात पर खुशी जताई कि चीन 2015 में जी-20 की अध्यक्षता संभालेगा। उन्होंने कहा, “हम चीन को अपने पूरे सहयोग का भरोसा दिलाते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493