ज्यूरिख, 16 नवंबर (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा ने सोमवार को नेपाल फुटबाल संघ और लाओस फुटबाल महासंघ के अध्यक्षों को भ्रष्टाचार के आरोप में दो-दो वर्ष के लिए निलंबित कर दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अखिल नेपाल फुटबाल संघ के अध्यक्ष गणेश थापा फीफा की कार्यकारी समिति में प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए रिश्वत लेने के मामले में आरोपित हैं।
फीफा की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार, “थापा पिछले कुछ वर्षो से लगातार गड़बड़ियों में संलिप्त रहे, जिसमें अन्य फुटबाल अधिकारियों से रिश्वत लेने और उनकी सिफारिश करने का मामला शामिल है, जो उन्होंने व्यक्तिगत और पारिवारिक लाभ के लिए किया।”
थापा को प्रतिबंधित करने के अलावा 20,000 स्विस फ्रैंक का जुर्माना भी लगाया गया है।
इसी तरह के एक अन्य मामले में लाओस फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष विफेट सिहाचक्र को भी दो वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है।
सिहाचक्र पर फीफा की कार्यकारी समिति में चुने जाने के लिए एक अन्य अधिकारी को रिश्वत देने का आरोप है। सिहाचक्र पर 40,000 स्विस फ्रैंक का जुर्माना लगाया गया है।
dharmpath.com dharmpath