नोएडा, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष गोल्फ स्टार वाणी कपूर नोएडा गोल्फ कोर्स में होने वाले हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के 17वें चरण के टूर्नामेंट में इस वर्ष अपना पांचवां खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।
18 से 20 नवंबर के बीच होने वाले इस पांच लाख रुपये इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में कुल 13 पेशेवर खिलाड़ी और एकमात्र गैर-पेशेवर खिलाड़ी तवलीन बत्रा हिस्सा लेंगी।
वाणी इस समय ऑर्डर ऑफ मेरिट में 15,56,400 रुपये की इनामी राशि के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं। अब तक खेले गए 16 चरण के टूर्नामेंट में वाणी ने चार बार खिताबी जीत हासिल की।
वाणी यदि नोएडा गोल्फ कोर्स में खिताब जीत जाती हैं तो शीर्ष पर उनकी स्थिति पक्की हो जाएगी।
हाल ही में डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित हीरो इंडियन ओपन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली वाणी को पंचकूला की अमनदीप द्राल से मेरिट वरीयता को लेकर कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है।
ऑर्डर ऑफ मेरिट में इस समय 12,69,935 रुपये की इनामी राशि के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद गैर पेशेवर खिलाड़ी अमनदीप इस वर्ष कुल दो खिताब अपने नाम कर सकी हैं और वर्ष की सर्वश्रेष्ठ गैर पेशेवर खिलाड़ी को मिलने वाले अवार्ड की प्रबल दावेदार हैं।
वाणी और अमनदीप के अलावा कोलकाता की नेहा त्रिपाठी, कोलकाता की ही स्मृति मेहरा, कपूरथला की गुरसिमर बडवाल, चंडीगढ़ की सानिया शर्मा, पुणे की श्वेता गलांडे और दिल्ली की मेहर अटवाल अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में से हैं।
टूर्नामेंट में देश की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी शर्मिला निकोलेट की कमी जरूर खलेगी।
dharmpath.com dharmpath