ढाका, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में बुधवार को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक इतालवी व्यक्ति को गोली मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दिनाजपुर जिले के पुलिस अधिकारी ने कहा कि इतालवी व्यक्ति बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहा था, जब उस पर हमला किया गया।
अधिकारी ने कहा कि पीड़ित को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अभी तक उसकी पहचान और उम्र का पता नहीं चल पाया है।
इससे पहले इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने देश में एक इतालवी और जापानी को मारने का दावा किया था।
ढाका में 28 सितंबर को एक इतालवी सहायता कार्यकर्ता सेसारे तावेला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके चार दिन बाद जापान के कुनियो हाशी की भी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।