काठमांडू, 19 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल का एक प्रतिनिधिमंडल पेट्रोलियम उत्पादों के आयात को लेकर एक व्यापारिक करार के लिए शुक्रवार को चीन रवाना हो रहा है।
नेपाल ने यह कदम देश में भारत की ‘अनाधिकारिक आर्थिक नाकेबंदी या प्रतिबंध’ लगाए जाने के बाद उठाया है। इस नाकेबंदी की वजह से नेपाल में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति ठप है।
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल द्वारा सितंबर में लोकतांत्रिक संविधान को अंगीकार करने के बाद से तराई क्षेत्र में मधेशी आंदोलन की वजह से देश में पेट्रोलियम आपूर्ति बाधित है।
नेपाल ऑयल कारपोरेशन (एनओसी) के प्रबंध निदेशक सुशील भट्टाराई ने बताया, “नेपाल ऑयल कारपोरेशन के दो प्रतिनिधि वाणिज्य और आपूर्ति मंत्रालय के अधिकारियों के साथ कल चीन के लिए रवाना होंगे। कुछ दिनों के अंदर करार पर हस्ताक्षर होंगे।”
प्रतिनिधिमंडल से संबंधित अधिक जानकारी का खुलासा नहीं किया गया है।
नेपाल ने पेट्रोलियम उत्पादों की अपनी कुल मांग का एक तिहाई आयात करने के लिए चीन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
dharmpath.com dharmpath