डेटाविंड ने की एयरटेल के साथ साझेदारी

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उभरते बाजारों में इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने में अग्रणी डेटाविंड इंक ने नाइजीरिया में कम लागत की इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एयरटेल अफ्रीका के साथ साझेदारी की है। इसी के साथ डेटाविंड ने अफ्रीका में भी अपनी सेवाओं का विस्तार कर लिया है।

एयरटेल अफ्रीका भारती एयरटेल लिमिटेड की एक सब्सिडरी है जो दुनिया भर में टेलीकम्युनिकेशन सेवाओं की अग्रणी प्रदाता है, एशिया एवं अफ्रीका के 20 देशों में इसकी मौजूदगी है। एयरटेल अफ्रीका नाइजीरिया के चार प्रमुख नेटवर्क ऑपरेटर्स में से एक है, जो सभी बड़े शहरों में 3 जी कवरेज तथा देश के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में 2 जी कवरेज उपलब्ध कराती है।

नाइजीरिया में 18.5 करोड़ की कुल आबादी में से 48 फीसदी यानी 8.8 करोड़ लोगों तक इंटरनेट सेवाओं की पहुंच नहीं है। डेटाविंड का इंटरनेट डिलीवरी प्लेटफॉर्म कम लागत पर इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके द्वारा उन लोगों को भी इंटरनेट से जोड़ा जाता है जो अब तक जुड़े नहीं हैं।

डेटाविंड शुरुआत में अपने कम लागत के टैबलेट कम्प्यूटरों एवं स्मार्टफोनों के माध्यम से इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिसके बाद डिवाइस-इंडिपेंडेंट एप लॉन्च किया जाएगा, जिसके द्वारा नाइजीरिया के एन्ड्रॉयड स्मार्टफोन उपभोक्ता बेहद कम लागत पर इस अत्याधुनिक प्रोद्यौगिकी के फायदों से लाभान्वित होंगे।

डेटाविंड के चेयरमैन राजू तुली ने कहा, “इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एयरटेल के साथ साझेदारी बड़े नेटवर्क ऑपरेटरों से सहयोग हासिल करने की हमारी सतत क्षमता का प्रदर्शन करती है।”

एयरटेल नाइजीरिया के चीफ कॉमर्शियल अफसर अहमद मोखलेस ने इस साझेदारी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमें खुशी है कि यह नई साझेदारी अधिक संख्या में टेलीकॉम उपभोक्ताओं तक हमारी सेवाएं पहुंचाने में मदद करेगी। एयरटेल देश के हर कोने में किफायती दरों पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493