यूरोपीय संघ ने सीमा नियंत्रण को कठोर करने पर सहमति जताई

ब्रसेल्स, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पेरिस में 13 नवंबर को हुए आतंकवादी हमलों के मद्देनजर, यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने सीमा नियंत्रण को कठोर करने पर सहमति जताई है। हमलों में 130 लोग मारे गए थे।

द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेरिस के नेशनल स्टेडियम, एक कंसर्ट हॉल व रेस्तरां में आतंकवादी हमलों में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की शुक्रवार को मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है।

ब्रसेल्स में आपात बैठक के दौरान, यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने पासपोर्ट मुक्त शेंगेन क्षेत्र में सभी यात्रियों की कड़ाई से जांच पर सहमति जताई। दरअसल, यह स्पष्ट हो गया है कि पेरिस हमलों का संदिग्ध मास्टरमाइंड बेल्जियम का पासपोर्ट रखने वाला अब्देलहामिद अबाउद (28) यूरोप में दाखिल होने में सक्षम था और अपनी मर्जी से वह शेंगेन क्षेत्र में घूमा था।

फ्रांस के गृह मंत्री बर्नार्ड काजेन्यूव ने कहा, “आतंकवादी यूरोपीय संघ की सीमाओं को पार कर रहे हैं।”

बैठक के दौरान बाहरी सीमाओं पर व्यवस्थित व समन्वित जांच पर सहमति जताई गई।

वर्तमान में यूरोपीय संघ का पासपोर्ट रखने वाले किसी व्यक्ति को 26 देशों के शेंगेन क्षेत्र में प्रवेश के लिए न्यूनतम जांच की आवश्यकता होती है।

फैसले का क्रियान्वयन तत्काल लेकिन अल्पकालीन अवधि के लिए होगा, जब तक कि यूरोपीय आयोग नियमों में औपचारिक तौर पर बदलाव न कर दे।

अधिकारियों ने कहा कि मारे गए या खुद को उड़ाने वाले सात आतंकवादियों में से पांच ने हाल में कुछ समय सीरिया में बिताया था। सात आतंकवादियों में चार फ्रांस के नागरिक थे। पांचवां एक विदेशी था, जिसके पास सीरिया का पासपोर्ट था।

द गार्जियन की एक रपट के मुताबिक, इसी बीच फ्रांस के अधिकारियों ने मुख्य संदिग्ध सलाह अब्देसलाम की तलाश सीमा पार जारी रखी है। सलाह के भाई ने पेरिस हमलों के दौरान खुद को उड़ा लिया था।

फ्रांस के गृह मंत्रालय ने कहा कि पुलिस द्वारा 793 संपत्तियों पर छापेमारी के दौरान, 90 लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही 174 हथियार, मादक पदार्थ व 2.5 लाख यूरो बरामद किया गया है।

फ्रांस की सरकार ने आपातकाल को और तीन महीनों के लिए बढ़ा दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493